Logo
International Journal of
Hindi Research
ARCHIVES
VOL. 12, ISSUE 4 (2026)
महादेवी वर्मा के निबंधों में ‘ भारतीय संस्कृति के स्वर ’
Authors
अतुल मुदगल
Abstract
 इतिहास साक्षी है कि प्रत्येक युग में लोकोत्तर क्षमतावान नेता, कवि, कलाकार, कवयित्री समय के शिलाखंड पर अपने महान व्यक्तित्व की अमिट छाप छोड़ जाते हैं। हिंदी साहित्य जगत में महादेवी वर्मा विख्यात कवयित्री हैं जिन्हें हम ‘आधुनिक मीरा’ के रूप में पहचानते हैं। छायावाद और रहस्यवाद की प्रमुख कवयित्री जो भाव जगत में ‘पीड़ा की रानी’ और ‘नीर भरी दुख की बदली’ कहलाती हैं, कवि के रूप में जो महादेवी अंतर्मुखी हैं वही गद्य क्षेत्र में बहिर्मुखी हो गई हैं। महादेवी जी ने जो कुछ भी अपनी कविताओं में नहीं कहा या जो कविता का विषय नहीं हो सका, उस सब को पूरी ईमानदारी के साथ गद्य में रूपायित किया है। प्रशंसनीय बात यह है, कि इन्होंने गद्य की नवीन विधाओं (संस्मरण, रेखाचित्र, संभाषण और निबंध) में प्रस्तुत किया है। इन विधाओं के माध्यम से दलित वर्ग का मनोविज्ञान, नारी का मनोविज्ञान, संस्कृति का मनोविज्ञान तथा जीव मनोविज्ञान स्पष्ट हुआ है। वे काव्य में जितनी कल्पनाशील है गद्य लेखन में उतनी ही यथार्थवादी।
महादेवी जी ने जीवन की वास्तविकता से परिचित होते ही निबंध लिखना प्रारंभ कर दिया था। उन्होंने अधिकांशतः विचारात्मक निबंध ही लिखे हैं, जिनमें कुछ संस्मरणात्मक, आलोचनात्मक, नारी समस्या मूलक और कुछ अन्य विषयों पर हैं। जिनमें उनकी दृष्टि गहन चिंतन एवं मनन से परिपूर्ण विचारों की अभिव्यक्ति की ओर अधिक रही है। महादेवी जी के निबंधों के विषय प्रायः सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक अथवा भावनात्मक रहे हैं। उनके निबंध ‘शृंखला की कड़ियां’, ‘क्षणदा’, ‘संकल्पिता’, ‘साहित्यकार की आस्था और अन्य निबंध’ आदि संग्रहों में संग्रहित हैं। भारतीय संस्कृति से संबंधित विचारात्मक और चिंतन प्रधान निबंध बाद में ‘भारतीय संस्कृति के स्वर’ पुस्तक में संग्रहित किए गए हैं। यहाँ इस पुस्तक में संग्रहित निबंधों में निहित भारतीय संस्कृति के विविध आयामों पर चिंतन किया गया है। जिनमें मातृभूमि, संस्कृति, भारतीय संस्कृति, मानव की विकास परंपरा, प्राकृतिक परिवेश, शासन, भाषा, शिक्षा, नारी और संस्कार हैं, जो कि भारतीय संस्कृति के स्वरों को समझने में एक मूल कड़ी का काम करते हैं। महादेवी जी के इस चिंतनशील गद्य से हमें उनके व्यक्तित्व का गंभीर वैचारिक आयाम मिलता है। जहां एक ओर महादेवी जी को रहस्यवाद और करुणा-वेदना की मूर्ति कहा जाता है वहीं उनका गद्य हमें ऐसे खरे भारतबोध के दर्शन कराता है, जिसमें अपनी जड़ों से जुड़े रहने की प्रार्थना है, आधुनिकता की दौड़ में अंधे होने पर प्रश्नचिन्ह हैं और साथ ही एक संतुलित भविष्य दृष्टि भी है। ऐसे बहुआयामी पाठ को पढ़कर पाठक महादेवी जी को आधुनिक विदुषी कहने से नहीं चूकता।   

Download
Pages:68-71
How to cite this article:
अतुल मुदगल "महादेवी वर्मा के निबंधों में ‘ भारतीय संस्कृति के स्वर ’". International Journal of Hindi Research, Vol 12, Issue 4, 2026, Pages 68-71

Please enter the email address corresponding to this article submission.

महादेवी वर्मा के निबंधों में ‘ भारतीय संस्कृति के स्वर ’ | International Journal of Hindi Research